इंडिया न्यूज़, Rajasthan News: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि ट्रकों में पैसा भरकर बीजेपी के दफ्तरों तक भेजा जाता है। ये पैरामिलिट्री फोर्सेज के ट्रकों में पैसा भरकर भेजते हैं। अब ये ट्रक गाड़ी पुलिस की होती है, उसे पकड़े कौन? इसी पैसे के माध्यम से देश में सरकारें गिराने का षडयंत्र चलता है। देश में यह बहुत बड़ा षडयंत्र हो रहा है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है, सच्चाई आपके साथ है।
कम जगह लेगा इसलिए चलाया 2000 का नोट
अशोक गहलोत यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि गोवा, अरुणाचल, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और अब महाराष्ट्र में आलू प्याज के दामों से सरकारें नहीं बदली हैं। उन्होंने कहा कि कॉमन सेंस की बात है, 1000-500 के नोट बंद कर दिए, वो नोट बड़ी जगह घेरते हैं। वहीं 2000 का नोट शुरू क्यों कर दिया? यह नोट कम जगह लेता है इसलिए इसे शुरू किया गया।
सोशल मीडिया पर जमकर पैसे खर्च कर रही बीजेपी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मोदीजी जिस गुजरात मॉडल की बात करते हैं वह पूरी तरह फ्लॉप था। उन्होंने कहा मॉडल कुछ था ही नहीं केवल बीजेपी मार्केटिंग कर रही थी। जिसके जरिये मोदीजी दिल्ली पहुंचे। गुजरात मॉडल के नाम पर पूरे देश को धोखा दिया। आडवाणी जी ने शुरुआत की, मोदीजी इसके सहारे दिल्ली पहुंच गए। आज आईटी और सोशल मीडिया का जमाना है, बीजेपी इस पर जमकर पैसा खर्च कर रही है।
ये भी पढ़ें : राजस्थान में कोरोना का कहर जारी, पिछले 24 घंटे में सामने आए 537 नए मामले