इंडिया न्यूज़, Udaipur Murder Case: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता वसुंधरा राजे ने उदयपुर में हुई टेलर की हत्या की निंदा करते हुए सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोला। वसुंधरा ने कहा कि यह सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह से विफल है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में अपराध की स्थिति खराब हुई है।
लोगों को सुरक्षा नहीं दे सकते तो सरकार में रहने का अधिकार नहीं
राजे ने प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “ऐसा निंदनीय कृत्य हमारी सरकार के समय में देखने को नहीं मिला। अशोक गहलोत, जो मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री हैं, पूरी तरह से विफल रहे हैं। पिछले चार सालों में राज्य में अपराध की स्थिति और खराब हुई है।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों (अपराधियों) को फांसी दी जानी चाहिए। अगर हम अपने लोगों को सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकते हैं, तो हमें सरकार में रहने का कोई अधिकार नहीं है। वे (राज्य सरकार) केवल राजनीति में व्यस्त हैं, अपने विधायकों की रक्षा कर रहे हैं।
जाने पूरा मामला
28 जून को उदयपुर के मालदास गली इलाके में दो लोगों ने एक व्यक्ति का सिर कलम कर दिया था। मृतक ने कुछ दिन पहले निलंबित भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया था। जिसके बाद उसे जान से मारने की धमकियां भी मिली थी।
वहीं 28 जून को उसकी गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद दोनों आरोपियों ने हत्या करने की शेखी बघारते हुए एक वीडियो पोस्ट किया और पीएम मोदी की जान को भी धमकी दी थी। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
ये भी पढ़ें : दौसा में कार और पिकअप में भिड़ंत, 4 की मौत, कानपुर के रहने वाले हैं मृतक